Home » प्रदेश » बिच्छू घाटी हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

बिच्छू घाटी हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर – झीलों की नगरी के घण्टाघर थाना क्षेत्र में स्थित बिच्छू घाटी में हुई साहिल नामक युवक की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा है। हालांकि, मामले के मुख्य सूत्रधार और हिस्ट्रीशीटर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

गाली-गलौज से शुरू हुआ खूनी खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात की जड़ आपसी रंजिश और मोबाइल पर हुई मामूली कहासुनी थी। घटनाक्रम के अनुसार, 7 अप्रैल की शाम को जिशान उर्फ हड्डी और जोयेब उर्फ अक्कू के बीच विवाद हुआ था। अक्कू ने इसकी जानकारी हिस्ट्रीशीटर नईम शेख को दी। इसके बाद नईम और कुन्दन ने जिशान को फोन कर धमकाया, जिस पर साहिल और जिशान की उनसे तीखी बहस और गाली-गलौज हुई। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बिच्छू घाटी में साहिल को घेर लिया और उस पर चाकू व कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस की स्पेशल स्ट्राइकश् भीलवाड़ा और भीण्डर से दबोचे गए आरोपी

हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने जिले के आधा दर्जन थानाधिकारियों और स्पेशल टीम को सक्रिय किया। पुलिस टीमों ने 24 घंटे के भीतर सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। गौरव उर्फ बिट्टू इसे भीलवाड़ा के माण्डल के पास एक निजी बस से हिरासत में लिया गया, जब वह दिल्ली भागने की फिराक में था। मोहम्मद सुहान डायर इसे भीण्डर इलाके से पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

अपराधिक इतिहास हिस्ट्रीशीटरों ने रची साजिश
पकड़े गए आरोपियों सहित इस मामले में नामजद सभी पांचों युवकों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। नईम शेख (फरार) प्रतापनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर, जिस पर हत्या के प्रयास और डकैती जैसे एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। कुन्दन (फरार) भूपालपुरा थाने का हिस्ट्रीशीटर, जिस पर लूट और मादक पदार्थों की तस्करी के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।
वहीं गौरव और सुहान पर भी बलात्कार, अपहरण और अवैध हथियार रखने के आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।

जल्द होगी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि फरार चल रहे नईम शेख, कुन्दन और जोयेब उर्फ अक्कू की तलाश में पुलिस की टीमें राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!