Home » प्रदेश » अपराधियों में पैदा करें खौफ, पुलिस को सूचना देने में न डरें ग्रामीण – एसपी डॉ. अमृता दुहन

अपराधियों में पैदा करें खौफ, पुलिस को सूचना देने में न डरें ग्रामीण – एसपी डॉ. अमृता दुहन

गोगुंदा – क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में सीएलजी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अमृता दुहन ने ग्रामीणों को निर्भीक होकर अपराधियों के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ अपना निजी संपर्क नंबर साझा करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी कोई अवैध गतिविधि या अपराध हो रहा हो, तो उसकी जानकारी सीधे उन्हें दें। एसपी ने कहा कि अपराध के खिलाफ सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बस हमें समाज के जागरूक नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।

एसपी ने गांवों में सक्रिय असामाजिक तत्वों और बाइक से हुड़दंग करने वाले युवाओं पर चिंता जताई। उन्होंने ग्रामीणों को सचेत करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना किसी काम-धंधे के अचानक धनवान हो रहा है या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। बिना मेहनत के आने वाला पैसा अक्सर गलत रास्तों और अपराध की ओर इशारा करता है।

बढ़ते डिजिटल युग में साइबर ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए एसपी ने ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान लिंक या कॉल के झांसे में न आएं और साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, वृत्ताधिकारी गोपाल चंदेल और थानाधिकारी श्याम सिंह चारण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी पुलिस के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों और सुरक्षा संबंधी सुझावों को रखा, जिन पर अधिकारियों ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!