गोगुंदा। शुक्रवार को राजस्थान भील समाज विकास समिति चौखला नीमच माता का खेड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के उत्थान, कुरीतियों के उन्मूलन और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से चौखला अध्यक्ष खमाणीलाल, उपाध्यक्ष नारायण लाल, सचिव भंवर लाल, महासचिव कैलाश, कोषाध्यक्ष भेरुलाल, महामंत्री तेजू लाल, संगठन मंत्री दीपाराम, सूचना मंत्री के लिए गणेश लाल चुना गया हैं वहीं केवलाराम, मांगीलाल, शंकर लाल और वालाराम सहित समाज के वरिष्ठ सदस्यों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
बैठक में समाज ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि शराब पर पूर्ण प्रतिबंध बरकरार रहेगा। साथ ही, सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसे समाज द्वारा दंडित किया जाएगा। वहीं 6 से 14 वर्ष की आयु के सभी बालक-बालिकाओं का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा और उन्हें नियमित स्कूल भेजा जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त अध्यक्ष खमाणी लाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक अध्यक्ष केसुलाल भील मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व उप सरपंच लहरी लाल भील ने शिरकत की। बैठक में नीमच माता का खेड़ा, फूल फकीरों का वास, घाटा, जोगियों का गुड़ा, भाट, घड़ावण और राणा गांव के पंच-पटेल एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।






