गोगुंदा – ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोगुंदा ने पुलिस पर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने और मतदाताओं को धमकाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में भूमि विकास बैंक के चेयरमैन मथुरेश नागदा एवं पूर्व उपजिला प्रमुख श्याम चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठी शिकायतों, पुलिस कार्रवाई की धमकियों और नोटिस के माध्यम से राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने का दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने सायरा थाने में पिछले छह वर्षों से कार्यरत कांस्टेबल धर्मेंद्र पर भी सत्ता पक्ष के समर्थन में प्रचार करने और स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि लोगों को तौर पर जेल भेजने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व विभाग में ओगणा तहसील के अंतर्गत पटवारी पद पर कार्यरत नाहर सिंह का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पत्नी वसिया बाई, जो सत्ता पक्ष की प्रत्याशी हैं और गोगुंदा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 13 से पंचायत समिति सदस्य चुनाव लड रही है, जिसे लेकर नाहर सिंह पत्नी के समर्थन में मतदान करने के लिए लोगों पर दबाव बनाता है।
लाल सिंह झाला के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला
ज्ञापन में जिला परिषद उदयपुर के वार्ड संख्या 2 के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह झाला के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला भी उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गत 20 अक्टूबर को एक सार्वजनिक सभा में कमलेश कुमार शर्मा ने झाला के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। कांग्रेस ने इसे प्रत्याशी की व्यक्तिगत और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निर्वाचन कानूनों और सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, कमलेश कुमार शर्मा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
सायरा में कांग्रेस ने थाने पर किया प्रदर्शन
वहीं शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकताओं ने थाना पुलिस पर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए थाने पर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कमेटी (ए) के ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह चदाणा ने बताया कि सायरा थाना पुलिस के पुलिसकर्मियों ने कांगेस के कार्यकताओं को बिना किसी वजह से गिरफ्तार कर परेशान करने का काम कर रही है।
इस दौरान पूर्व पार्षद अजय पोरवाल, कांग्रेस कमेटी (ए) के ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह चदाणा, कमल चौधरी, प्रतापसिंह राठौड़, गोगुंदा ब्लॉक प्रभारी एडवोकेट धर्मेश पालीवाल, सह प्रभारी एडवोकेट राजेश तेली, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर चंदेल, देहात जिला महासचिव प्रहलाद सिंह झाला, रतनसिंह राव, भेरूलाल मेघवाल, दीपक सिंह परमार, महेंद्र डामोर, वक्ताराम मेघवाल और अर्जुन सिंह सिसोदिया सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



