उदयपुर – जिले की बेकरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ करते हुए सिरवल के पास एक स्विफ्ट कार को रोककर उसमें छिपाया गया 42 किलोग्राम 260 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
थानाधिकारी रामावतार मीणा ने बताया कि लोकल एवं स्पेशल एक्ट की कार्रवाई के तहत पुलिस टीम थाने से रवाना होकर सिरवल स्थित बिलिया घाटी पहुंची और नाकाबंदी शुरू की।
उन्होने बताया कि नाकाबंदी के दौरान सिरवल की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आई। कार चालक ने सामने पुलिस नाकाबंदी देखी तो वह गाड़ी को मोड़कर वापस भागने लगा। इस पर मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का घेराव किया और चालक को मौके पर ही धर दबोचा।
डिक्की से मिला प्लास्टिक का कट्टा
पुलिस टीम द्वारा स्विफ्ट कार की नियमानुसार तलाशी लेने पर डिक्की में एक प्लास्टिक का कट्टा मिला। कट्टे को खोलकर जांच की गई तो उसमें 42 किलो 260 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया है।
उन्होने बताया मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान देवेन्द्र सिंह (29) पुत्र गंगासिंह, निवासी चौहानों का वास, सेंदला (थाना नाणा, जिला पाली) के रूप में हुई है। पुलिस अभियुक्त से डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
वहीं इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई विजेश कुमार, हीराराम, कांस्टेबल उम्मेदाराम, भीखाराम, हेमंत, ललित और भरत शामिल रहे।



