Home » प्रदेश » वकीलों पर चस्का रेस्टोरेंट में जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे

वकीलों पर चस्का रेस्टोरेंट में जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे

उदयपुर – सविना थाना पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित चस्का बार रेस्टोरेंट में दो अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अनुसंधान अधिकारी महेश कुमार गुर्जर (डीएसपी, एससी/एसटी सेल) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भिजवाया।

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को अधिवक्ता निलेश शर्मा और अनिल मीणा सेक्टर-11 स्थित चस्का रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने गए थे। वहां काउंटर पर बातचीत के दौरान कुछ लोग तेज आवाज में बात कर रहे थे। अधिवक्ता अनिल मीणा ने उन्हें धीरे बात करने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और अचानक अनिल मीणा पर लोहे के सरिए व बोतलों से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर निलेश शर्मा के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। घटना के संबंध में सुखेर थाने में प्रकरण संख्या 346/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 109(1), 115(2), 189(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा वृत्ताधिकारी वृत्त नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में सविना थानाधिकारी दलवीर सिंह, हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण और सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने कार्रवाई करते हुए मामले में चमन सिंह, देवेंद्र उर्फ छोटू और मनोज को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार चमन सिंह (31) निवासी सविना खेड़ा के खिलाफ सविना और गोवर्धन विलास थानों में आबकारी अधिनियम, मारपीट और जुआ एक्ट के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। देवेंद्र उर्फ छोटू (32) निवासी पार्श्वनाथ कॉलोनी के खिलाफ सुखेर थाने में जुआ एक्ट का मामला दर्ज है। वहीं मनोज (28) निवासी मुखर्जी चौक, खेरादिवाड़ा के खिलाफ हिरणमगरी थाने में मारपीट का मामला दर्ज है।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

इसी घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अशोभनीय और उकसाने वाली टिप्पणी करने के मामले में भी सविना थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर की घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर आपत्तिजनक एवं उकसाने वाले कमेंट किए थे। इस संबंध में सविना थाने में प्रकरण संख्या 349/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी चंदन सिंह (23) पुत्र केसर सिंह, निवासी खेड़ा सर्कल के पास, सुखेर को गिरफ्तार किया। आरोपी से फिलहाल अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में सविना थानाधिकारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक रविन्द्र पाटीदार, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल सुशील शामिल रहे।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!