उदयपुर – बेकरिया थाना पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की क्रेटा कार से 130 किलो 820 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान कार में सवार चालक और उसका साथी पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर पहाड़ी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने जंगल में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन दुर्गम इलाका, अंधेरा और झाड़ियों का फायदा उठाकर दोनों फरार होने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकेश शर्मा तथा वृत्ताधिकारी वृत्त कोटड़ा डूंगर सिंह चूंडावत के सुपरविजन में बेकरिया थानाधिकारी रामावतार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
नाकाबंदी देखकर कार चालक ने अचानक बदला रास्ता
पुलिस टीम शनिवार को बेकरिया थाने के सामने हाईवे पर लोकल एवं स्पेशल एक्ट की कार्रवाई के तहत नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उदयपुर की तरफ से एक सफेद रंग की क्रेटा कार RJ 49 CA 2593 आती दिखाई दी। पुलिस को नाकाबंदी करते देखकर कार चालक ने अचानक वाहन मोड़ लिया और तेज गति से उसे भगाने लगा।
पुलिस टीम ने तत्काल कार का पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए पुलिस नागेश्वर ढाबे के पास पहुंची, जहां कार का आगे का टायर फट गया। इसके बाद कार चालक और उसके पास की सीट पर बैठा दूसरा व्यक्ति वाहन को वहीं छोड़कर पास के पहाड़ी जंगलों की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश में पूरे जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि इलाका दुर्गम होने के साथ अंधेरा और झाड़ियों से भरा था। इसका फायदा उठाकर दोनों संदिग्ध पुलिस की पकड़ से बचते हुए फरार हो गए।
पिछली सीटों के पीछे छिपा रखा था डोडा चूरा, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को वाहन की पिछली सीटें हटाई हुई मिलीं। सीटों की जगह काले रंग के 9 प्लास्टिक के कट्टे भरे हुए थे। पुलिस ने जब इन कट्टों को खोलकर देखा तो उनमें अफीम डोडा चूरा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल 130 किलो 820 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के साथ क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बरामद 130 किलो 820 ग्राम डोडा चूरा और क्रेटा कार को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ बेकरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई बेकरिया थानाधिकारी रामावतार मीणा के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक विजेश कुमार, उप निरीक्षक हीराराम, कांस्टेबल उम्मेदराम, कांस्टेबल भीखाराम, कांस्टेबल हेमन्त, कांस्टेबल ललित और कांस्टेबल भरत शामिल रहे। पुलिस अब फरार हुए दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।



