
उदयपुर – राजस्थान अकाउंटेंट एसोसिएशन के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत मंगलवार को संगठन की उदयपुर जिला इकाई ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला अध्यक्ष टिकराज सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सौंपा गया।
एसोसिएशन ने राजस्थान अधीनस्थ लेखा सेवा के कनिष्ठ लेखाकार का पे मैट्रिक्स लेवल बढ़ाने, संवर्ग की द्विस्तरीय व्यवस्था लागू करने तथा अधीनस्थ लेखा सेवा से राज्य लेखा सेवा में पदोन्नति का अनुपात 80.20 किए जाने की मांग की।
इसके साथ ही पदोन्नति में अनुभव की छूट स्थायी रूप से दिए जाने और सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय के पद को राजपत्रित किए जाने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। संगठन पदाधिकारियों ने मांगों पर सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान जिला महामंत्री दिनेश डांगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, टीकमचंद, विजयलक्ष्मी, कृष्ण, लोकपाल सिंह, सुप्रिया माहेश्वरी, अंकित मिश्रा, रमेश चेजारा सहित जिले के सहायक लेखाधिकारी एवं कनिष्ठ लेखाकार मौजूद रहे।





