गोगुंदा – क्षेत्र के वणी गांव में जंगली सुअरों के आतंक से ग्रामीण और किसान परेशान हैं। जंगली सुअरों के झुंड खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसान कुंदन पुरोहित ने बताया कि गांव में शिव सिंह, नाथुसिंह, गजानंद पुरोहित सहित खुमाण सिंह के करीब 8 बीघा खेत में बोई गई मक्के की फसल को जंगली सुअरों ने नष्ट कर दिया। किसानों के अनुसार रात के समय खेतों में पहुंचने वाले जंगली सुअर मक्के की फसल को रौंदने के साथ उसे खाकर भी नष्ट कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सुअरों के आतंक से निजात दिलाने और फसल खराबे का सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।





