वल्लभनगर – ब्लॉक के तारावट गांव में दो दिवसीय वॉलीबाल प्रीमियर लीग-2 प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदुस्तान स्काउट गाइड के संभाग सचिव मदनलाल वर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी एवं लीग टाइटल स्पॉन्सर शोभालाल जाट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हिंदुस्तान स्काउट गाइड के जिला सह सचिव उदय सिंह गुर्जर और महेंद्र जाट मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का तिलक एवं उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया गया। जनरल रेफरी सुरेश जाट ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों के 45 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि मदनलाल वर्मा ने कहा कि व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल जीवन में बेहद आवश्यक हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल आपसी सहयोग, समर्पण और सेवा भाव की दिशा में आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण सीढ़ी है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला महादेव कंस्ट्रक्शन क्लब तारावट और मां चामुंडा क्लब तारावट के बीच खेला गया, जिसमें महादेव कंस्ट्रक्शन क्लब तारावट ने जीत दर्ज की। कार्यक्रम का संचालन लोकेश पुरी गोस्वामी एवं नरेश कुमार तेली ने किया।





