
गोगुंदा – बुधवार को सायरा क्षेत्र के सुआवतो का गुड़ा में संचालित नव चेतना उच्च प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान एनवाईवी कार्यकर्ता मनोज प्रजापत ने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल उपलब्धियों और देश के लिए उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मेजर ध्यानचंद के समर्पण, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मनारायण श्रीमाली ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना तथा मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल भावना से परिचित कराना रहा। इस दौरान भंवरलाल मेघवाल, मनोज प्रजापत विकास सेन , कविता पालीवाल सहित शिक्षक मौजूद रहें।




