उदयपुर – जिले में दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुखेर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखेर थानाधिकारी अमरसिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार अम्बेरी निवासी खेमराज पटेल ने 21 अगस्त 2026 की रात अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रकरण संख्या 368/2025 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी इंटेलिजेंस और ह्यूमन सोर्सेज की मदद से संदिग्ध मोदाराम पुत्र सवाराम निवासी वासिया फली, कोयलवाव, जिला पाली को डिटेन कर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने सुखेर सहित अलग-अलग क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 12 दुपहिया गाड़ियां बरामद कीं।

कई जिलों और गुजरात से चुराई बाइकें
बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, यामाहा एमटी और अपाचे जैसी बाइकें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये वाहन देलवाड़ा (राजसमंद), देबारी, आयड़, डाबा बेकरिया, काली मगरी, रामनगर (सुमेरपुर-पाली), पालनपुर (गुजरात), जोधपुर शहर, भूपालपुरा और सुखेर क्षेत्र से चोरी किए गए थे। बरामद कुछ वाहनों के चेचिस नंबर भी घिसे हुए मिले हैं।
एक बाइक पर आते, रेकी के बाद करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में गिरोह के चोरी करने के तरीके का भी खुलासा हुआ। आरोपी अपने साथियों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकलते थे और शहर के सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी या अन्य तरीके से बाइक चोरी कर लेते थे।
चोरी की गई मोटरसाइकिलों को आरोपी अपने गांव के पास भीमाणा के जंगलों में छिपाकर रखते थे। बाद में मौका देखकर उन्हें बेचने की तैयारी की जाती थी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार, कांस्टेबल अचलाराम, भारत सिंह, दिलीप और कैलाश कुमार शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।



