
उदयपुर – डबोक थाना पुलिस ने दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग करने और विवाहिता का जबरन अपहरण करने के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच बदमाशों को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विवाहिता को भी आरोपियों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईटीओस कार और मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई के नेतृत्व तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त मावली चांदमल सिंगारिया के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। डबोक थानाधिकारी गोपालनाथ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस के मुताबिक 1 सितंबर को डबोक निवासी एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे उसकी मां, बहू और पोती घर की पहली मंजिल पर रसोई के बाहर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बडलिया निवासी सुरेश पुत्र उदयलाल अपने 7-8 साथियों के साथ कथित रूप से घर में घुस आया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए प्रार्थी की पोती, जो विवाहिता है, को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
रिपोर्ट के अनुसार विवाहिता की दादी ने विरोध किया तो मुख्य आरोपी सुरेश ने बंदूक से फायर किया। गोली उनके कान के पास से निकल गई। इसके बाद नारायण नामक युवक ने रोकने का प्रयास किया तो उस पर भी फायर किया गया। गोली पास खड़ी पिकअप के शीशे में जा लगी।

तकनीकी साक्ष्य से छह घंटे में बरामदगी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर विवाहिता को छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल ईटीओस कार को जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर एमओबी और एफएसएल टीम की सहायता से खाली कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मामले में गदौली थाना घासा निवासी मनीष पुत्र दूधाराम, मरपुरा खेरोदा निवासी पुष्कर उर्फ पूर्णा पुत्र सुरेशचंद्र, आसना खेमली डबोक निवासी मुकेशपुरी पुत्र नानापुरी, बडलिया थाना वल्लभनगर निवासी सुरेश पुत्र उदयलाल और रणछोड़ थाना वल्लभनगर निवासी अजय पुत्र हेमराज को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई उदयलाल, लालचंद, मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल भैरूलाल, अनिल कुमार, कांस्टेबल दिनेश, सुरेंद्र, सत्यवीर, जितेंद्र तथा महिला कांस्टेबल पूजा चेरी जोशी शामिल रहे।



