Home » प्रदेश » निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन की परंपरा को कायम रखना सामूहिक जिम्मेदारी – जिला निर्वाचन अधिकारी

निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन की परंपरा को कायम रखना सामूहिक जिम्मेदारी – जिला निर्वाचन अधिकारी

उदयपुर – नगर निकाय चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में रविवार को नगर निगम परिसर स्थित विभिन्न सभागारों में मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

सुखाड़िया रंगमंच सभागार, दीनदयाल उपाध्याय सभागार एवं पार्षद सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों को मतदान केंद्र पर निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान केंद्र पर मतदान पूर्व एवं मतदान के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, निर्धारित मतदान प्रक्रिया तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न सूचनाओं के संधारण एवं प्रेषण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।


जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने भी प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतदान अधिकारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में अवगत कराया और प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। कोई भी बात या प्रक्रिया समझ में नहीं आए तो बिना हिचकिचाहट पूछें। मतदान दल की पूरी टीम को साथ लेकर चलें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि उदयपुर में निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन की परंपरा को आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में भी कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए उन्हें मतदान दिवस से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया और दायित्व की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है, ताकि मतदान केंद्र पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़, सहायक प्रभारी डॉ महामायाप्रसाद चौबीसा आदि भी उपस्थित रहे।

ईवीएम का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों को ईवीएम के संचालन का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने मशीनों के विभिन्न पहलुओं, मतदान के दौरान उनके उपयोग तथा प्रक्रिया से जुड़ी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार 31 अगस्त को पीआरओ के लिए प्रशिक्षण होगा।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!