Home » प्रदेश » शराबबंदी के नाम पर युवक को पेड़ से लटकाकर पीटा, वायरल वीडियो के बाद 12 आरोपी गिरफ्तार

शराबबंदी के नाम पर युवक को पेड़ से लटकाकर पीटा, वायरल वीडियो के बाद 12 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर – जिले के सायरा थाना क्षेत्र में शराबबंदी के नाम पर एक युवक को पेड़ से लटकाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़ित से मारपीट के साथ कथित रूप से जुर्माना वसूलने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के दौरान पीड़ित की पहचान पुराराम पुत्र चुना के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित से संपर्क कर उसकी लिखित रिपोर्ट दर्ज की।

रिपोर्ट के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले पुराराम मारवाड़ से मजदूरी कर अपने गांव लौटा था। इस दौरान उसने शराब पी रखी थी। गांव के लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर समाज की पंचायत बुलाई गई। आरोप है कि पंचायत के दौरान पुराराम के साथ मारपीट की गई, उसे पेड़ से लटका दिया गया और शराब पीने की सजा के नाम पर उससे 11 हजार रुपये भी वसूल लिए गए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना की शिकायत पुलिस में करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि भील समाज के 52 गांवों के पंच-पटेलों ने शराबबंदी का सामाजिक नियम बना रखा है। आरोपियों का कहना है कि समाज के नियमों के तहत शराब पीने वालों पर कार्रवाई की जाती है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुराराम द्वारा शराब पीकर गांव में विवाद करने के बाद सामाजिक पंचायत में उससे 5 हजार रुपये का दंड वसूला गया और उसके साथ मारपीट की गई।

पुलिस ने इस मामले में बोरोवाली मादड़ी निवासी सोना पुत्र रेपाराम, रेपा पुत्र पेमाराम, बाबू पुत्र गल्ला, हरीश पुत्र सोहन, फूला पुत्र पेमा, गणेश पुत्र परथाराम, सका पुत्र मालूराम, कमोल निवासी पन्नाराम पुत्र लुम्बाराम, अम्बाराम पुत्र केसाराम, बंशीलाल पुत्र कालूराम, उमरणा निवासी जोताराम पुत्र टेकाराम तथा पदराड़ा निवासी लक्ष्मीलाल पुत्र गणेशलाल को गिरफ्तार किया है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!