Home » प्रदेश » संपर्क और समीक्षा पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक हो निस्तारण – जिला कलक्टर

संपर्क और समीक्षा पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक हो निस्तारण – जिला कलक्टर

उदयपुर – जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के प्रति पूर्ण गंभीरता बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण करते फोरे जवाब लिखने के स्थान पर सभी अपेक्षित पत्रावलियां के साथ विस्तृत प्रत्युत्तर पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि परिवादी संतुष्ट हो सके।

जिला कलक्टर अग्रवाल मंगलवार सुबह कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। सर्वप्रथम उन्होंने जिले में नवपदस्थ अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया। साथ ही सभी नवीन पदस्थ अधिकारियों को मोबाइल में संपर्क ऐप डाउनलोड कर उसका नियमित अवलोकन करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने परिवेदनाओं के अच्छे निस्तारण और खराब निस्तारण के उदाहरण भी प्रस्तुत किए। जिन अधिकारियों ने सिर्फ फोरे जवाब देकर शिकायतें निस्तारित की थी उन्हें सख्त हिदायत देते हुए कहा कि परिवेदना में शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की गई है तो उससे संबंधित पत्रावलियां भी अपलोड की जानी चाहिए, ताकि परिवादी को भी कार्यवाही के बारे में पता चले और वह संतुष्ट हो।

बैठक में प्रधानमंत्री प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एवं विभिन्न आयोग स्तर पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई तथा सतर्कता समिति के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अंतर्विभागीय विषयों के निस्तारण के लिए बनाए गए समीक्षा पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए पोर्टल पर दर्ज एवं लंबित प्रकरणों की प्रगति जांची। एक-एक प्रकरण पर संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए पोर्टल पर अद्यतन सूचना अपलोड करने की हिदायत दी। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, भू प्रबंधन अधिकारी लतिका पालीवाल सहित सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हरियाळो राजस्थान लक्ष्य के अनुरूप हो पौधारोपण
बैठक के दौरान हरियाळो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण की भी समीक्षा की गई। वन विभाग के अधिकारियों ने जिले को आवंटित लक्ष्य और अब तक की प्रगति की अवगत कराया। इसमें बताया कि बारिश का दौर रूक जाने से अपेक्षित पौधारोपण नहीं हो पाया है, अब दोबारा बारिश शुरू हो चुकी है, ऐसे में कार्य में तेजी लाई जाएगी। जिला कलक्टर ने विभागवार आवंटित लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए सभी अधिकारियों को पौधारोपण कराते हुए उनकी टैगिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!