Home » प्रदेश » अमृत भारत स्टेशन योजना : प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया रेलवे स्टेशन, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

अमृत भारत स्टेशन योजना : प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया रेलवे स्टेशन, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उत्तर-पश्चिम रेलवे के अंतर्गत राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया गया है।

चंदन सिंह भाटी/जैसलमेर – रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति एवं कला मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने पुनर्विकसित स्टेशन का अनावरण कर इसे आधुनिक भारत के बदलते रेलवे नेटवर्क की पहचान बताया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से बदल रही है। रेलवे स्टेशन अब केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि शहर की पहचान और विकास के प्रवेश द्वार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र जैसलमेर के लोगों ने शायद कभी कल्पना नहीं की होगी कि यहां विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन विकसित होगा। यह प्रधानमंत्री के विकास विजन का परिणाम है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिली है। शेखावत ने कहा कि नया रेलवे स्टेशन पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर किया गया है। स्टेशन भवन को जैसलमेर के प्रसिद्ध पीले पत्थरों से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए चौड़े प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, रैंप और स्पर्शनीय टाइल्स की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर सुरक्षा के लिए हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल सूचना डिस्प्ले बोर्ड और आधुनिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

जैसलमेर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे पर्यटन उद्योग, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक स्टेशन शहर के लिए एक आकर्षक प्रवेश द्वार का काम करेगा।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने समारोह में घोषणा की कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने लाठी-भादरिया रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है। शनिवार से जयपुर-जैसलमेर और बांद्रा-जैसलमेर ट्रेन यहां रुकेगी। उन्होंने जैसलमेर-बीकानेर ट्रेन के समय में बदलाव कर हरिद्वार जाने वाली ट्रेन से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के प्रयास का भी भरोसा दिलाया।

जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। वहीं फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना रेलवे के विकास में नया अध्याय साबित होगी। उन्होंने बीकानेर-हरिद्वार रेल संपर्क को और बेहतर बनाने की भी मांग रखी।

लोकार्पण समारोह के दौरान जालंधर से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा। यह परियोजना जैसलमेर के विकास और आधुनिक रेलवे ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस दौरान दलपत हिंगड़ा (समाजसेवी), शैतान सिंह राठौड़ (पूर्व विधायक), आईदान सिंह भाटी, अरुण पुरोहित, कंवराज सिंह चौहान, जनक सिंह, जुगल किशोर व्यास, बाबूलाल शर्मा, चन्द्र प्रकाश शारदा, सुशील कुमार व्यास, सवाई सिंह गोगली व सुनीता भाटी (पूर्व प्रधान) सहित कई जनप्रतिनिधि व विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!