
उदयपुर – जिले के सायरा थाना क्षेत्र में शराबबंदी के नाम पर युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि घटना कमोल गांव की है, जहां मई माह में गमेती समाज की ओर से शराबबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी चुनाराम गमेती पर शराब पीकर समाज के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा। इसके बाद समाज के कुछ लोगों ने कथित रूप से उसे रस्सी से बांधकर पेड़ से उल्टा लटका दिया और उसके साथ मारपीट की।
घटना का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने पदराड़ा भील बस्ती निवासी अंबालाल पुत्र केसाराम, आमलिया चौरा (पदराड़ा) निवासी लक्ष्मीलाल पुत्र गणेशलाल, विसमा निवासी वीराराम पुत्र भगाराम एवं पन्नालाल पुत्र लुंबाराम, कमोल निवासी बंशीलाल पुत्र कालूराम, रामाराम पुत्र उदाराम, पन्नाराम पुत्र टेकाराम तथा पन्नाराम पुत्र पदाराम गमेती को गिरफ्तार किया है।
52 गांवों में लागू है सामाजिक शराबबंदी
थानाधिकारी ने बताया कि भील समाज के 52 गांवों के पंच-पटेलों ने शराब सेवन पर सामाजिक प्रतिबंध लगाया हुआ है। नियम तोड़ने वालों पर समाज की ओर से दंड भी तय किया जाता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 12 मई को चुनाराम गमेती शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने पिता के साथ विवाद कर बैठा। इसके बाद समाज की पंचायत में उससे 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरोप है कि इसी दौरान उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट भी की गई।
उन्होने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





