
सायरा – थाना क्षेत्र के नान्देशमा गांव में शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने चोरी की आशंका में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।
ग्रामीण हनी पालीवाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से नान्देशमा, तिरोल, ढोल और पानेर सहित आसपास के गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इससे ग्रामीण सतर्क होकर रात में निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार देर रात दो संदिग्ध गांव से एक मोटरसाइकिल लेकर निकल रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर दी तथा गांव में जुलूस भी निकाला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए संदिग्ध पूर्व में हुई चोरी की कई वारदातों में भी शामिल रहे हैं। उनका कहना है कि बुधवार रात नान्देशमा गांव के चार मंदिरों के ताले तोड़े गए थे। वहीं पानेर गांव में एक किराना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था तथा एक ठेकेदार की मोटरसाइकिल भी ले गए थे, जिसे बाद में पानेर के समीप नदी किनारे लावारिस अवस्था में छोड़ दिया गया।
बुधवार को हुई चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि पकड़े गए दोनों संदिग्धों का इन घटनाओं से संबंध है या नहीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





