Home » प्रदेश » पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया देवास तृतीय परियोजना व टनल का निरीक्षण

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया देवास तृतीय परियोजना व टनल का निरीक्षण

गोगुंदा – शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने देवास तृतीय परियोजना के अंतर्गत देवास गांव के समीप बनाई जा रही टनल व नाल गांव के समीप बनाए जा रहे बांध का अवलोकन किया। देवास के समीप आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मोहन लाल सुखाडिया ने बांध बनाकर उदयपुर के लोगों पानी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया और देवास बांध बनाकर उदयपुर तक पानी पहुंचाया। हम उनके सपने को साकार करने के लिए अब दो बांध (देवास-तृतीय व चतुर्थ) तथा दो टनल बनाकर 1000 एमसीएफटी पानी को जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि गत कांग्रेस सरकार में परियोजना का पैसा अटक गया था, तब हम परियोजना का पैसा रिलीज करवाने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिले। हमने जनता को पानी मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयास किए है। उन्होंने कहा कि यहां का पानी न केवल उदयपुर बल्कि मावली, चित्तौड़गढ़ व बीसलपुर तक पहुंचेगा। वहीं परियोजना के अधिकारियों ने अपने संबोधन में कटारिया को मेवाड़ का भागीरथ कहा। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग व परियोजना के एडि. चीफ विरेंद्र सागर, एसई मनोज जैन, एक्सईएन बीरबल डूडी सहित कई अधिकारी साथ रहे।

इस दौरान भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल भील, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, पूर्व शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली, अतुल चंड़ालिया, निवर्तमान उपप्रधान लक्ष्मण सिंह झाला, मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रेश फतावत, मंडल प्रतिनिधि डीसी मेघवाल व पूर्व उपसरपंच दयालाल चौधरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।
राज्यपाल कटारिया ने परियोजना के अधिकारियों से टनल निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारियां ली, वहीं अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से बांध व टनल के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद कटारिया ने टनल के अंदर जाकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को 2027 तक देवास-तृतीस व चतुर्थ परियोजना के काम को पूरा करने के निर्देश दिए।
टनल का निरीक्षण करने के बाद व नाल गांव के समीप बनाए जा रहे बांध (देवास तृतीय परियोजना) का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। यहां अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से दोनों बांधों व टनल कनेक्टिविटी के बारे में जानकारियां दी।

बारिश के बीच पहुंचे राज्यपाल कटारिया, गांव-गांव में उत्साह के साथ किया स्वागत

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का गोगुंदा से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने गोगुंदा क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने के लिए बरसों तक काम किया, ऐसे में गांव-गांव में उनके साथ काम कर चुके कार्यकर्ता मौजूद है। उनके गोगुंदा आगमन पर युवा ही नहीं वरन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। राज्यपाल कटारिया सुबह 9 बजे गोगुंदा के समीप धोलीघाटी तिराहे पर पहुंचे, जहां भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली उनकी अगवानी में पहुंचे। वहीं पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा भील के नेतृत्व में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों से कटारिया का स्वागत किया। इसके बाद बगडूंदा में पंचायत समिति सदस्य दिलीप गमेती, मजावद में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं व छाली में प्रशासक गणेश लाल खैर व वरिष्ठ नेता बाबू लाल सुथार के नेतृत्व में भारी उत्साह के साथ कटारिया का स्वागत किया गया। देवास टनल के निरीक्षण के बाद नाल जाते समय मोखी गांव के तिराहे पर चांटिया खेड़ी सुरेश पालीवाल व कमल गमेती के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कटारिया का मेवाड़ी पगड़ी व उपरनों से स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि गोगुंदा ब्लॉक के नाल व अंबावा गांव के समीप देवास तृतीय व चतुर्थ परियोजना के तहत दो बांध बनाए जा रहे है, जिनकी भराव क्षमता क्रमश 703 व 390 एमसीएफटी है। वहीं देवास तृतीय (नाल) व चतुर्थ (अंबावा) को जोड़ने के लिए 4.15 किलोमीटर लंबी सुरंग (टनल) व देवास तृतीय व देवास-द्वितीय (आकोदड़ा) को जोड़ने के लिए 10.50 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही है। 1690.55 करोड़ रुपए की लागत से तृतीय व चतुुर्थ परियोजना सहित दोनों टनल का निर्माण करवाया जा रहा है।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!