Home » प्रदेश » ढोल में हथियारबंद बदमाशों का धावा दो घरों में लूट, परिवारों को बंधक बनाकर ले गए नकदी और जेवर

ढोल में हथियारबंद बदमाशों का धावा दो घरों में लूट, परिवारों को बंधक बनाकर ले गए नकदी और जेवर

सायरा – थाना क्षेत्र के ढोल गांव में शनिवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब 8 से 9 हथियारबंद बदमाशों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घरों में सो रहे थे। बदमाशों ने हथियारों के दम पर परिजनों को धमकाया और विरोध करने पर मारपीट भी की।

जानकारी के अनुसार, गांव में भगवान पहाड़ीनाथ मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ था। कार्यक्रम के बाद ग्रामीण अपने घरों में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने गांव के दो मकानों में धावा बोल दिया।

पीड़ित सुखलाल मेघवाल ने बताया कि देर रात बदमाश उनके घर में घुस आए और पत्नी तथा बच्चों के सामने बंदूक तानकर नकदी और जेवरात की मांग की। बदमाश सोने की बालियां, टोकरियां, चांदी के पायजेब तथा करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि यह राशि किस्त जमा कराने के लिए उधार ली गई थी।

परिजनों के अनुसार, दो बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और अंदर से दरवाजा खोलकर अन्य साथियों को भी भीतर बुला लिया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर में तलाशी ली और सामान बिखेर दिया। घटना के बाद घर में कपड़े और घरेलू सामान बिखरा हुआ मिला।

इसी तरह बदमाशों ने अंबालाल सुथार के मकान को भी निशाना बनाया। घटना के समय अंबालाल अपने पुत्र के साथ छत पर सो रहे थे। बदमाशों ने नकदी और कीमती सामान की मांग की। इस दौरान अंबालाल के पुत्र द्वारा गुजरात में रहने की बात कहने पर आरोपियों ने लोहे के सरिए से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!