
गोगुंदा – दो दिन पूर्व पेंशन सत्यापन करवाकर घर लौट रही बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की घटना के बाद युवा कांग्रेस उदयपुर देहात के जिला अध्यक्ष बालू भील ने पीड़ित महिला से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने महिला एवं उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
बालू भील ने कहा कि बुजुर्ग महिला के साथ हुई यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना पर रोष व्यक्त करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
गौरतलब है कि गोगुंदा क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला को दो बदमाश बहला-फुसलाकर जंगल में ले गए थे, जहां उनसे जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





