
उदयपुर – सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा एसबीआई बैंक की व्यावसायिक शाखा के बीच सोमवार को कर्मचारियों के लिए सैलरी पैकेज योजना के संबंध में एमओयू किया गया। इस समझौते के तहत विभागीय कर्मचारियों को बीमा, बैंकिंग एवं ऋण संबंधी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रदेश संयुक्त सचिव जसवंत सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कपिल चौधरी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गौरव गुप्ता, प्रदेश महासचिव दीपचंद कुमावत तथा प्रदेश कार्यकारिणी के छह माह के लगातार प्रयासों के बाद विभाग और एसबीआई के बीच यह एमओयू संभव हो पाया है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारी कल्याण के उद्देश्य से जयपुर जिला अध्यक्ष मानसिंह राठौड़ द्वारा कर्मचारी कल्याण कोष के गठन के प्रयास किए गए। वहीं झुंझुनूं जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश ने बैंकों द्वारा विभागों के साथ किए जाने वाले समझौतों की जानकारी संगठन के समक्ष रखी, जिसके बाद इस योजना को मूर्त रूप देने के प्रयास तेज किए गए।
एमओयू के तहत कर्मचारियों को साधारण मृत्यु पर 10 लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु पर एक करोड़ रुपये तथा हवाई दुर्घटना में 1.60 करोड़ रुपये का निःशुल्क जीवन बीमा लाभ मिलेगा। इसके अलावा पूर्ण विकलांगता की स्थिति में एक करोड़ तथा आंशिक विकलांगता पर 80 लाख रुपये तक का मुआवजा भी उपलब्ध होगा।
योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को जीरो बैलेंस खाता, अनलिमिटेड एटीएम ट्रांजेक्शन, निःशुल्क एनईएफटी, आरटीजीएस, आईएमपीएस सेवाएं, डिमांड ड्राफ्ट, एसएमएस अलर्ट और चेक बुक जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इसके अलावा पर्सनल लोन, कार लोन और होम लोन पर प्रोसेसिंग शुल्क में 50 से 100 प्रतिशत तक की छूट तथा ओवरड्राफ्ट सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। एसबीआई रिश्ते योजना के तहत परिवार के अधिकतम चार सदस्य जीरो बैलेंस खाता खुलवा सकेंगे, जिन्हें पांच-पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी निःशुल्क मिलेगा।
एमओयू के बाद कर्मचारियों को 55 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए निर्धारित प्रीमियम का भुगतान करना होगा। बताया गया कि यह प्रीमियम वर्तमान बाजार दरों की तुलना में काफी कम होगा।
एमओयू का लाभ प्राप्त करने के लिए विभागीय वेबसाइट पर बैंक के साथ विवरण साझा करने की सहमति देना आवश्यक होगा। इसके लिए विभागीय वेबसाइट पर शीघ्र ही लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





