
गोगुंदा – शुक्रवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत विजय बावड़ी में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी तथा कुल 40 शिकायतें दर्ज करवाईं।
ग्रामीणों ने रास्ता निर्माण, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, बार-बार बिजली गुल होने तथा खस्ताहाल सड़कों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। चौपाल के दौरान विजय बावड़ी, मदारड़ा एवं सुआवतों का गुड़ा गांवों में जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों और लंबित पेयजल कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए पीएचईडी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा किया जाए।
वहीं रात्री चौपाल में आईसीआईसीआई आरसेटी ने अधिकारियों एवं ग्राम वासियों को निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
इस दौरान उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी प्रवीण पानेरी, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रोहित सिंह गुहिल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के रमेश कुमार श्योराण, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रेरणा नौसलिया, थानाधिकारी श्याम सिंह चारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





