
गोगुंदा – क्षेत्र के मदार में शनिवार को महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की ओर से ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक एवं मनोसामाजिक परामर्शदाता ने भाग लिया। वहीं प्रभारी सचिव टी. रविकांत वर्मा ने शिविर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी सचिव टी. रविकांत वर्मा ने केक काटकर बेटी जन्मोत्सव मनाया और बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दिलाते हुए समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया।
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक राधा औदिच्य ने महिलाओं को केंद्र की गतिविधियों और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इन केंद्रों के माध्यम से संकटग्रस्त महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श एवं अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं। यह केंद्र महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में सहायता प्रदान करते हैं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





