उदयपुर – जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने वृद्धा को झांसे में लेकर जंगल में ले जाकर उसके पैरों में पहने चांदी के कड़े काटकर लूट लिए। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ गोगुंदा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार जोगियों का गुड़ा निवासी भूरकी बाई पत्नी लालूराम गमेती शुक्रवार को अपने पति के साथ पेंशन सत्यापन के लिए गोगुंदा आई थी। दोनों अपना कार्य पूरा करने के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान लालूराम गमेती ने पत्नी को धोली घाटी के पास उतार दिया और स्वयं घर की ओर रवाना हो गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पैदल घर जा रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत करते हुए उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां उसके पैरों में पहने चांदी के कड़ों को आरी से काटकर निकाल लिया।
वृद्ध महिला ने बताया कि आरोपी करीब चार घंटे तक उसे जंगल में इधर-उधर घुमाते रहे। बाद में बदमाश उसे मजावड़ी के पास जंगल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया।
घटना के बाद परिजनों ने शनिवार को गोगुंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले को लेकर थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





