
गोगुंदा – गुरूवार को क्षेत्र में संचालित विकल्प संस्थान द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंख महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत अचार निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
विकल्प संस्थान की इस पहल के तहत 38 महिलाओं को अचार निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में भाग ले रही महिलाओं को घरेलू उद्योग के माध्यम से आय बढ़ाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी भी दी गई।
क्षेत्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को केरी, लहसुन और मिर्ची के अचार बनाने की विधियां विस्तार से समझाकर अचार निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, गुणवत्ता बनाए रखने के उपाय, पैकेजिंग एवं विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
कार्यक्रम की वक्ता पिंकी खटिक ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ घरेलू स्तर पर लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





