Home » प्रदेश » गोगुंदा में हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर, 24 निर्माण ध्वस्त

गोगुंदा में हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर, 24 निर्माण ध्वस्त

गोगुंदा – बुधवार को माननीय न्यायालय के निर्देशों एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की पालना में एनएचएआई की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, उदयपुर द्वारा गोगुंदा तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत झाड़ोली, जसवंतगढ़, गोगुंदा, खाखड़ी, विजय बावड़ी एवं नयागुड़ा सहित विभिन्न गांवों में हाईवे की जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाया गया।

कार्रवाई को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे के निर्देशानुसार राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम को अतिक्रमण हटाकर पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व स्थानीय पटवारी रितुराज, अंकित मजावड़ी एवं गिरदावर हसमुख की उपस्थिति में एनएचएआई के सहायक अभियंता और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीमाज्ञान किया। इसके बाद अवैध अतिक्रमणों को लाल निशान लगाकर चिन्हित किया गया। संबंधित अतिक्रमणकारियों को स्वयं अपने स्तर पर सामान और अवैध ढांचे हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की गई।

उन्होने बताया कि गोगुंदा तहसील क्षेत्र में कुल 53 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिनमें से अब तक 24 अतिक्रमण पूरी तरह हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई जारी है। हटाए गए अवैध ढांचों में मुख्य रूप से हाईवे किनारे संचालित दुकानें, होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कुछ आवासीय निर्माण तथा अस्थायी खोखे शामिल हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए थे।

एनएचएआई के परियोजना के निदेशक ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी संबंधित कब्जाधारकों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के जवाब में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का विधिक प्रक्रिया के तहत परीक्षण और निस्तारण करने के बाद ही बेदखली अभियान शुरू किया गया।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!