Home » प्रदेश » घर-घर पहुंचा जल संरक्षण का संदेश, मीडिया राउंड टेबल में साझा हुई अभियान की उपलब्धियां

घर-घर पहुंचा जल संरक्षण का संदेश, मीडिया राउंड टेबल में साझा हुई अभियान की उपलब्धियां

उदयपुर – बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभूतपूर्व जनभागीदारी देखने को मिली है। अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 23 से अधिक गतिविधियां आयोजित कर जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया गया है।

इसी क्रम में बुधवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में सूचना केंद्र में मीडिया राउंड टेबल वार्ता आयोजित हुई। वार्ता में उपनिदेशक जनसंपर्क गौरीकांत शर्मा एवं जलग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के सहायक अभियंता भूपेंद्र कुमार लोहार ने अभियान की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए। अधिकारियों ने बताया कि उदयपुर जिले में अभियान का शुभारंभ 25 मई 2026 को दूध तलाई पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी सहित जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में हुआ था। शुभारंभ अवसर पर कलश यात्रा, जल पूजन, पौधारोपण एवं जनजागरण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसके अलावा 28 मई को प्रभारी मंत्री हेमन्त मीणा के आतिथ्य में नांदेश्वर तालाब पर वृहद् कार्यक्रम हुआ।

हर क्षेत्र में दिखा जनसहभागिता का उत्साह

अभियान के तहत 2 जून तक जिले में हरियालो राजस्थान की अग्रिम तैयारियों के लिए 1,971 गतिविधियां, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई हेतु 4,511 अभियान, पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई के 2,340 कार्यक्रम तथा जल निकायों के मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार से जुड़े 1,041 कार्य संपादित किए गए। इसके अलावा रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की सफाई, कैच द रेन, प्लास्टिक मुक्त दिवस, वॉटर ऑडिट जैसी गतिविधियों के तहत 2,471 कार्यक्रम आयोजित हुए। सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से 1,707 कार्यक्रम, 1,416 ग्राम सभाएं, 874 शपथ कार्यक्रम, 436 प्रभात फेरियां एवं रैलियां, 1,527 जल पूजन कार्यक्रम तथा 836 कलश यात्राएं आयोजित कर व्यापक जनजागृति का संदेश दिया गया। अभियान के तहत जल स्रोतों पर दीपदान, 241 रात्रि एवं किसान चौपालों, 1,232 सामूहिक श्रमदान कार्यक्रमों, 339 शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों तथा 627 कार्यशालाओं एवं संस्थागत बैठकों के माध्यम से जनभागीदारी को मजबूत किया गया।

5 जून को होगा अभियान का भव्य समापन

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का समापन 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर होगा। इस दौरान जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को जल गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। अधिकारियों ने मीडिया से आह्वान किया कि जल संरक्षण के इस पवित्र संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, ताकि जल बचाने का यह संकल्प एक स्थायी जन-आंदोलन के रूप में स्थापित हो सके। मीडिया राउंड टेबल में जनसंपर्क अधिकारी विपुल कुमार शर्मा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विनय सोमपुरा, जयेश पंड्या सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!