
सायरा – थाना पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या करने के मामले में 24 घंटों के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला और पुरूष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह पूरी वारदात महज गाली-गलौज और आपसी विवाद के बाद उपजे गुस्से का परिणाम थी।
थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि दो दिन पूर्व रावों सायरा निवासी 60 वर्षीय मोहन लाल मेघवाल की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी शव को पास के ही एक खेत में फेंककर फरार हो गए थे। मृतक के पुत्र धर्मेश मेघवाल ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
उन्होने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम का गठन किया गया। और टीम ने घटनास्थल की बीटीएस लोकेशन और संदिग्ध मोबाइल नंबरों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर टीम ने भील बस्ती निवासी डाली बाई (42) और देवाराम गमेती (60) तक पहुँचने में सफल रही।
थानाधिकारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक मोहन लाल शराब के नशे में डाली बाई के घर गया था, जहाँ उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बात से नाराज होकर डाली बाई और देवाराम ने उसके साथ जमकर मारपीट की। जब मोहन लाल मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गया, तो दोनों ने उसे पास के खेत में डाल दिया, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई।
कार्रवाई में कांस्टेबल धर्मेश कुमार और नरपतराम की विशेष भूमिका रही। वही टीम में एएसआई राजेन्द्र सिंह, शंभु सिंह, कांस्टेबल रूपाराम और भावेश शामिल थे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





