
गोगुंदा – शुक्रवार को थाना पुलिस ने जेसीबी मशीन की धोखाधड़ी कर उसे हरियाणा में बेचने वाले गिरोह के एक और शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो साल से फरार चल रहा था।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि टीम ने कार्रवाई करते हुए सावा कजोड़पुरा (चित्तौड़गढ़) निवासी तोसिफ खान पठान को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। और यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से काम करता था। आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों के उन वाहन स्वामियों को निशाना बनाते थे जिनकी गाड़ियों पर बैंक लोन चल रहा होता था। आरोपी स्थानीय व्यक्ति के नाम पर वाहन खरीदने का एग्रीमेंट करते थे। वाहन मालिक को विश्वास दिलाया जाता था कि भविष्य की तमाम बैंक किश्तें वे स्वयं भरेंगे। और वाहन का कब्जा मिलते ही आरोपी उसे ऊंचे दामों पर नुह (हरियाणा) ले जाकर बेच देते थे और अवैध लाभ कमाते थे।
गौरतलब है कि यह मामला 13 जनवरी 2024 को तब सामने आया जब सायरा निवासी प्यारे नाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने अपनी जेसीबी मशीन का सौदा आरोपी जितेंद्र सिंह से किया था। तय हुआ था कि 2.50 लाख रुपये नकद दिए जाएंगे और बाकी की 56 किश्तें आरोपी जमा कराएगा। जब प्रार्थी ने मशीन में लगे जीपीएस से लोकेशन चेक की, तो पता चला कि मशीन राजस्थान से बाहर हरियाणा पहुंच चुकी है। आरोपियों ने फर्जी तरीके से खुद को मालिक बताकर मशीन आगे बेच दी थी। कारवाई के दौरान एएसआई विनेश कुमार , कांस्टेबल दिपेन्द्र सहित रोशन कुमार शामिल रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





