
गोगुंदा – थाना क्षेत्र के मोडी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जहाँ एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 25 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भूताला निवासी सुरेश (25) पुत्र ख्यालीलाल मेघवाल अपने चचेरे भाई की बारात में शामिल होने मोडी गांव गया हुआ था। रविवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ कार से मोडी से गोगुंदा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान करधर मोटर गैराज के समीप कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार इतनी रफ्तार में थी कि उसने सड़क पर 3 से 4 बार पलटी खाई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुरेश मेघवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी कार के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बता दें कि सुरेश मेघवाल रोजगार को लेकर अधिकांश समय गुजरात ही रहता हैं और अपने चचरे भाई की शादी के आयोजन में शामिल होने के लिए गांव आया था।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। सोशल मीडिया पर भी इस भीषण हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाने से एएसआई नंदलाल नागदा मौके पर पहुँचे। उन्होने बताया कि मृतक सुरेश का उसके पैतृक गांव भूताला में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। परिजनों ने इस मामले में फिलहाल कोई पुलिस केस दर्ज नहीं कराया है। युवक की मौत के बाद गांव में शोक की लहर छाई हुई है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





