
गोगुंदा – राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शुक्रवार को गोगुंदा दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। जूली ने आरोप लगाया कि राज्य को एक ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिन्हें देश के संविधान से ज्यादा अपनी कुर्सी बचाने की फिक्र है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि देश में पंचायती राज की नींव पंडित जवाहरलाल नेहरू ने राजस्थान के नागौर से रखी थी और राजीव गांधी ने इसे संवैधानिक मजबूती प्रदान की।
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार पंचायती राज चुनावों में इतनी ढिलाई बरती जा रही है। भाजपा सरकार हार के डर से चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनावों में देरी के कारण अब तक जनता का करीब 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है और पंचायतों में बैठे प्रशासक जनहित के कार्य करने में विफल साबित हो रहे हैं।
जूली ने मनरेगा के मुद्दे पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से मनरेगा श्रमिकों का भुगतान अटका हुआ है, जिससे गरीब वर्ग के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। साथ ही, उन्होंने नगर निकाय चुनाव में महिलाओं के 50 प्रतिशत आरक्षण को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री ने ढाई साल में एक बार भी शिक्षा की गुणवत्ता पर बात नहीं की है। झालावाड़ की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा वहां 7 बच्चों की जान चली गई, लेकिन न तो शिक्षा मंत्री के पास और न ही मुख्यमंत्री के पास पीड़ितों से मिलने का समय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करती है, जबकि खुद उनकी पार्टी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
दौरे के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष का मेवाड़ी साफा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की तस्वीर भेंट की।
वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जूली को ज्ञापन सौंपकर चाटियाखेड़ी के ग्राम विकास अधिकारी शंकर स्वामी और जेटीओ नवीन सेदावत पर विकास कार्यों में फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों को तुरंत हटाने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष को बगडूंदा, मजावद और छाली ग्राम पंचायतों में लंबे समय से बंद पड़े बीएसएनएल नेटवर्क की समस्या से भी अवगत कराया। जूली ने आश्वासन दिया कि इन तमाम जनहित के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ मांगीलाल गरासिया, जीएसएस अध्यक्ष हरि सिंह झाला, ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह चदाणा, मंडल अध्यक्ष गोपीलाल मेनारिया, वरिष्ठ नेता करण सिंह झाला, गोगुंदा निर्वतमान उपसरपंच लालकृष्ण सोनी, करणी सेना के तहसील प्रभारी निर्भय सिंह देवड़ा, युवा मंडल अध्यक्ष लीलाधर पालीवाल, ओमप्रकाश जोशी, फतेह सिंह झाला, चंद्रशेखर सोनी, कपिल सिंह झाला, सुरेश लोहार, एडवोकेट जसपाल सिंह, दुर्गेश मेघवाल, अभय सिंह झाला, रमेश सुथार, रघु टेलर, तेज सिंह देवड़ा, दीपेश चंद्रावत, जयदीप सिंह झाला ,डूंगर सिंह देवड़ा, फतेह सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





