
गोगुंदा – क्षेत्र के ब्राह्मणों का कलवाना (चंदेरी वाला फला) में गुरुवार तड़के एक तेंदुए ने एक गरीब परिवार के आशियाने में घुसकर तीन बकरियों का शिकार कर लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार अल सुबह जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तभी एक तेंदुआ धूला राम गमेती के केलूपोश मकान में घुस गया। मवेशियों की आवाज सुनकर जब धूला राम की नींद खुली और वह बकरियों को बचाने के लिए दौड़ा, तो तेंदुए ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। धूला राम ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे घबराकर तेंदुआ पास के घने जंगल में भाग निकला। हालांकि, तब तक तेंदुआ तीन बकरियों को मौत के घाट उतार चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 6 महीनों से इस क्षेत्र में तेंदुओं की आवाजाही काफी बढ़ गई है। आए दिन जंगली जानवर आबादी क्षेत्र में घुसकर बाड़ों में बंधे पशुओं पर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे रात भर डर के साये में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि आबादी क्षेत्र के पास तत्काल पिंजरा लगाया जाए ताकि हिंसक जानवरों को पकड़ा जा सके।
वन विभाग के भरत मेघवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने मौके का मुआयना किया है। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत बकरियों का पोस्टमार्टम भी कर लिया है ताकि मुआवजे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
भरत मेघवाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विभाग मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और तेंदुए को पकड़ने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार जल्द ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





