
गोगुंदा – पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध के विरुद्ध दिखाई गई तत्परता और चाकूबाजी के मामले में आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने पर ग्रामीणों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। शनिवार को क्षेत्र के सेमटाल गांव के ग्रामीणों ने गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण और उनकी टीम के सराहनीय कार्य से खुश होकर उन्हें मेवाड़ी साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान सेमटाल गांव के हरीश पालीवाल, नरेश पालीवाल, दक्ष पालीवाल, कुंदन कुमार, राकेश पालीवाल , सुंदर पालीवाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
एडवोकेट अरुण पालीवाल ने कहा कि जिस त्वरित गति से पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना है और आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय का पुलिसिया ध्येय वाक्य चरितार्थ हुआ है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
गौरतलब है कि बीते 2 अप्रैल की शाम को सेमटाल निवासी शंकर लाल पालीवाल अपनी बाइक से दूध संग्रहण कर वणी गांव से लौट रहे थे। तभी आशापुरा होटल के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर लूटपाट की कोशिश की। जब शंकर लाल ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चाकू उनके शरीर में ही फंस गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े थे।
वारदात के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। मामले में वणी निवासी लक्ष्मण सिंह और सुखेर थाना क्षेत्र के रामा निवासी टीकम चंद उर्फ टिकसा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष फरार आरोपियों के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने आरोपी मनोहर सिंह पुत्र गणेश सिंह राजपूत को मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों मनीष गमेती और वीरेंद्र सिंह की तलाश में जुटी है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





