
गोगुंदा – मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर माय भारत केंद्र एवं विद्या निकेतन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, गोगुंदा में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रताप लाल भील रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली एवं प्रधान सुंदर देवी भील उपस्थित रहे। माय भारत केंद्र उदयपुर की ओर से दाडम मेघवाल एवं घनश्याम मेघवाल भी अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात माय भारत केंद्र उदयपुर द्वारा युवाओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही युवाओं की सहभागिता से एक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बाबा साहेब के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से बाबा साहेब के आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेने एवं उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें शिक्षा, समानता एवं सामाजिक न्याय के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को प्रेरित करते हुए यह संदेश दिया गया शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो।
कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु आयोजन माय भारत केंद्र उदयपुर एवं विद्या निकेतन संस्थान के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों को सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





