Home » प्रदेश » नेशनल हाईवे पर तीन वाहनों की भिड़ंत, महिला सहित दो की मौत, सात घायल

नेशनल हाईवे पर तीन वाहनों की भिड़ंत, महिला सहित दो की मौत, सात घायल

गोगुंदा – नेशनल हाईवे-27 उदयपुर-पिंडवाड़ा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर पलटे एक ट्रेलर को देख रहे कार सवारों को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह मालवा का चौरा के समीप घटित हुआ। एक ट्रेलर उदयपुर से पिंडवाड़ा की ओर जा रहा था, जो अचानक मालवा का चौरा के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी बीच, पीछे से आ रही एक कार वहां रुकी। कार में सवार लोग वाहन से नीचे उतरकर ट्रेलर की स्थिति और हादसे को देखने लगे। तभी उदयपुर की ओर से ही आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को जोरदार चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार एक युवक और महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वहां खड़े अन्य सात लोग ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलियम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हाईवे पेट्रोलियम के अधिकारी भगवत सिंह झाला ने बताया कि टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए गोगुंदा के अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे करवाकर जाम खुलवाया। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!