
उदयपुर – मंगलवार को भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष बालू भील ने बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने भारत के संविधान का निर्माण कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिससे हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान मिला।
गोगुंदा विधानसभा अध्यक्ष शक्ति सिंह झाला ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, शिक्षा को अपनाने और समाज में समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उनका दिया हुआ संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला महासचिव दिनेश जोशी, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष योगेश पुष्करणा, जिला महासचिव मोहित चौधरी, रघुवीर मेघवाल, तन्मय श्रीमाली, घनश्याम मेघवाल, ललित मेघवाल, मुकेश मेघवाल सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





