गोगुंदा – थाना क्षेत्र के कुंडाऊ गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने लापता पति की तलाश की मांग को लेकर जल जीवन मिशन की ऊँची टंकी पर चढ़ गई। करीब 6 घंटे तक चले इस तनावपूर्ण घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
घटनाक्रम जब थम गईं ग्रामीणों की सांसें
कुंडाऊ गांव की निवासी कमला बाई गमेती शनिवार सुबह अचानक गांव के समीप बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। कमला बाई का पति तुलसीराम 15 फरवरी से लापता है। जब ग्रामीणों ने महिला को टंकी पर देखा, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासनिक अमला हरकत में आया।
मौके पर एएसपी अंजना सुखवाल, गिर्वा डीएसपी राजेश यादव, मावली डीएसपी (प्रशिक्षु आईपीएस) असीमा वाधवानी, एसडीएम शुभम भैसारे, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी और थानाधिकारी श्याम सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने घंटों तक महिला से संवाद किया और उसे नीचे उतरने के लिए मनाया।
प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता और आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल और उच्चाधिकारियों के बीच लंबी वार्ता हुई। ग्रामीणों और समाज के लोगों ने मांग की कि मामले की जांच उच्चाधिकारियों की निगरानी में हो और नामजद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि जांच के दायरे को बढ़ाया जाएगा और लापता तुलसीराम की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
42 दिनों से लापता है तुलसीराम, पुलिस ने चलाया था ड्रोन सर्च
गौरतलब है कि तुलसीराम गमेती के परिजनों ने वेणी सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस प्रशासन ने पूर्व में 150 जवानों और ड्रोन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। इसी बात से नाराज होकर समाज ने पहले भी अनिश्चितकालीन धरना दिया था, जिसे प्रशासन के आश्वासन पर स्थगित किया गया था।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ इस मामले पर काम कर रहा है। हमारा उद्देश्य तुलसी राम को सकुशल ढूंढना है। हमने परिजनों को विश्वास दिलाया है कि जांच के दायरे को बढ़ाकर हर संभावित कड़ी को जोड़ा जा रहा है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।







