गोगुंदा – शुक्रवार को अरावली निर्माण मजदूर सुरक्षा संघ ने राजस्थान भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं में तकनीकी बदलावों के कारण श्रमिकों को हो रही परेशानियों को लेकर उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे को ज्ञापन सौंपकर योजनाओं में लागू की गई ओटीपी और आधार सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि सरकार ने योजनाओं के लाभ के लिए जन आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त करना अनिवार्य कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों की जमीनी हकीकत है कि अधिकांश श्रमिकों के पुराने मोबाइल नंबर बंद हो चुके हैं या बदल गए हैं और जन आधार पोर्टल पर नए नंबर अपडेट न होने के कारण उन्हें ओटीपी नहीं मिल पा रहा है। ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले आधार सत्यापन की प्रक्रिया भी तकनीकी खामियों के कारण कई स्थानों पर ठप पड़ी है। इन कारणों से हजारों पात्र श्रमिक सरकारी सहायता और कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मांग कि सभी ग्राम विकास अधिकारियों को आधार सत्यापन की सुविधा बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाए।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।






