Home » प्रदेश » 2 अप्रेल को जरगाजी नयास्थान पर होगा स्वागत समारोह व विशाल भजन संध्या का आयोजन

2 अप्रेल को जरगाजी नयास्थान पर होगा स्वागत समारोह व विशाल भजन संध्या का आयोजन

गोगुंदा। मेवाड़ अंचल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जरगाजी नया स्थान पर 2 अप्रैल को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का संगम देखने को मिलेगा। यहां महामेघ धर्म जागरण यात्रा के आगमन पर भव्य स्वागत समारोह के साथ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध कबीर भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।

जानकारी के अनुसार, यह यात्रा 30 मार्च को भीलवाड़ा जिले के झरना महादेव से शुरू होकर मेवाड़, मगरा, वोराट, गोड़वाड़ और मारवाड़ क्षेत्र के करीब 500 गांवों से गुजरते हुए 2 अप्रैल को जरगाजी नया स्थान पहुंचेगी। यात्रा संयोजक देवी लाल मेघवंशी ने बताया कि इसका उद्देश्य मेघवाल समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए समाज में शिक्षा, संगठन, परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक समता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा में संत, समाजसेवी, युवा, साहित्यकार, कलाकार और बुद्धिजीवी भी शामिल होंगे, जिससे विचारों का आदान-प्रदान हो सके। साहित्यकार भंवर मेघवंशी ने बताया कि यह पांच दिवसीय यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर संवाद और सहयोग बढ़ाने का प्रयास है।

इधर, जरगाजी विकास ट्रस्ट (नया स्थान) के अध्यक्ष गुलाब मेघवाल ने बताया कि यात्रा के स्वागत को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गांव-गांव में बैठकों के जरिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष नाना लाल मेघवाल के अनुसार, सायरा, पुनावली और आसपास के क्षेत्रों में पंच-पटेलों के साथ बैठकें कर आयोजन को भव्य बनाने की रणनीति बनाई जा रही है। भजन संध्या को लेकर जेबीआर ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष भोजाराम सालवी ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!