गोगुंदा। मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक गणगौर मेले का शनिवार को कस्बे में हर्षाेल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मेले के पहले दिन गणगौर माता की भव्य सवारी गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों और चारभुजा मंदिर से होती हुई उत्सव स्थल चौगान पहुंची। इस दौरान पूरा मार्ग गणगौर माता की जयकारों से गूंज उठा।
जुलूस के आकर्षण का मुख्य केंद्र पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं रहीं, जिन्होंने सुमधुर गीतों पर घूमर नृत्य कर समां बांध दिया। माता के दर्शन और मेले का आनंद लेने के लिए कस्बे सहित आस-पास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
मेले के विधिवत शुभारंभ के अवसर पर कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में जनजाति क्षेत्रीय विकास कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने शिरकत की। उनके साथ स्थानीय विधायक प्रतापलाल गमेती, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की और क्षेत्रवासियों को गणगौर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
ग्राम पंचायत के प्रशासक कालूराम गमेती ने बताया कि गणगौर इस तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेले के दौरान पूरे कस्बे और मेला प्रांगण में चाक-चौबंद साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है। वहीं रात्रि कार्यक्रमों के लिए भव्य लाइट डेकोरेशन और रोशनी की व्यवस्था की गई है। अगले दो दिनों तक मेले में विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों की धूम रहेगी, जिसे लेकर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





