गोगुंदा। क्षेत्र के सायरा-रणकपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सुआवतों का गुड़ा निवासी भोपाल सिंह, राम सिंह, मोहब्बत सिंह, अभय सिंह और लक्ष्मण सिंह राजपूत एक तीन पहिया वाहन (टेंपो) में बिजली का ट्रांसफार्मर लादकर ढिमड़ी (जसवंतगढ़) जा रहे थे। सायरा मार्ग पर श्री मालियों की मादड़ी के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और टेंपो सीधे पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार भोपाल सिंह (60) और राम सिंह (45) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मोहब्बत सिंह, अभय सिंह और लक्ष्मण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि गांव में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर जल गया था। पावरहाउस के कर्मचारी ने ग्रामीणों से कहा था कि वे खुद ही ट्रांसफार्मर लेकर ढिमड़ी पहुंचें। कर्मचारी की बात मानकर ग्रामीण निजी स्तर पर ट्रांसफार्मर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह काल बनकर आया हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से तुरंत घायलों और मृतकों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।






