Home » प्रदेश » ढूंढोत्सव की खुशियां मातम में बदली; पेड़ से टकराई पिकअप, 3 की मौत, 31 घायल

ढूंढोत्सव की खुशियां मातम में बदली; पेड़ से टकराई पिकअप, 3 की मौत, 31 घायल

गोगुंदा। थाना क्षेत्र के मोडवा गांव में शनिवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब ढूंढोत्सव की रस्म निभाकर लौट रहे गमेती समुदाय के लोगों की पिकअप हादसे का शिकार हो गई। मजावद के पास अनियंत्रित होकर पिकअप एक इमली के पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं।

रस्म पूरी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, मोडवा गांव के गमेती समुदाय के लोग शनिवार को बडंूदिया गांव में ढूंढोत्सव की रस्म अदा करने गए थे। खुशियों भरे माहौल में रस्म पूरी करने के बाद सभी लोग पिकअप में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मजावद के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों से घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। खबर मिलते ही उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण मय जाब्ता अस्पताल पहुंचे और स्थिति को संभाला।
थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि हादसे में लख्माराम, नेमिचंद और पंकज गमेती की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। उन्होने कहा कि हादसे में कुल 31 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 08 पुरूष, 10 महिलाएं सहित 13 बच्चे शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल 29 लोगों को 7 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल (उदयपुर) रेफर किया गया है, जबकि 2 बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

पूर्व उप प्रधान ने जताया शोक
घटना की सूचना पर पूर्व उप प्रधान पप्पू राणा देर शाम तक अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए एक अत्यंत हृदयविदारक घटना है। हम शोकाकुल परिजनों के साथ खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!