Home » प्रदेश » शहर से लेकर गांव तक बने इकाईयां, सभी संगठित हो – सत्यवीर सिंह

शहर से लेकर गांव तक बने इकाईयां, सभी संगठित हो – सत्यवीर सिंह

उदयपुर – भुवाणा के समीप श्री जागृति सेवा संस्थान में डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी व अनुसूचित जाति कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में सोसायटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईपीएस सत्यवीर सिंह का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एससी-एसटी वर्ग पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर चिंता जताई गई और समाज को संगठित करने पर जोर दिया गया।

समारोह में सत्यवीर सिंह, महासचिव चेतराम रायपुरिया, अजाक के प्रवक्ता मोहनलाल वर्मा, महासचिव पूरणमल बेरी, जिलेसिंह सहित पदाधिकारियों का मेवाड़ी पगड़ी व फूलमालाओं से स्वागत किया गया। एडवोकेट दिनेश मेघवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न समाजों प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व आईजी सत्यवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी डेढ़ करोड़ से अधिक (करीब 18 प्रतिशत) होने के बावजूद समाज संगठित नहीं है। उन्होंने गांव से लेकर जिला स्तर तक इकाइयों का गठन कर समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग की संवैधानिक और लोकतांत्रिक मांगों को मनवाने तथा डॉ. अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

सत्यवीर सिंह ने सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए शहर से गांव तक कार्य करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी जायज मांगों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से दबाव बनाना होगा।

बैठक में एससी-एसटी अत्याचारों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और सामाजिक एकजुटता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने यूसीसी कानून समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी विचार रखे।

इस अवसर पर संभाग सचिव सुरेश खटीक (आरएएस), जसवंत मेघवाल, अजाक के उदयपुर जिलाध्यक्ष श्यामलाल सालवी, सेवानिवृत्त बीईओ अंबालाल खटीक, परसराम सुयल, एडवोकेट पी.आर. सालवी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि सत्यवीर सिंह उदयपुर में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद से सेवानिवृत्त होने के बाद डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी (जयपुर) के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं और इन दिनों प्रदेशभर में जनविश्वास धन्यवाद यात्रा निकाल रहे हैं।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!