
सायरा । सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर जहां ज्यादातर स्कूलों में शिक्षक छात्रों को कार्यक्रम के लिए तैयार करते हैं, वहीं मीरा एकेडमी ने इस बार कुछ अलग और बेहद सराहनीय कदम उठाया। स्कूल के शिक्षकों ने पूरी जिम्मेदारी बड़ी कक्षाओं के छात्रों के हाथों में सौंप दी और छात्रों ने इसे शानदार तरीके से निभाया भी। स्कूल संचालिका ललिता जोशी ने बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की सारी तैयारियां, आयोजन और व्यवस्था बड़ी कक्षाओं के छात्रों को ही सौंपी। उन्होंने पूरे उत्साह से कार्यक्रम तैयार किया, मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के रूप में स्कूल के स्टाफ को ही आमंत्रित किया, और पूरे समारोह को सफल बनाया। यह अनोखा प्रयोग छात्रों में न केवल नेतृत्व क्षमता विकसित करता हैं बल्कि उन्हें जिम्मेदारी का अहसास भी कराता है।

ललिता जोशी ने कहा ऐसा बदलाव बच्चों की मानसिक क्षमता को मजबूत बनाता है। वे समझते हैं कि हर काम को कैसे प्रभावी ढंग से किया जा सकता है, और भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियां निभाने की मजबूती भी मिलती है। छात्रों द्वारा आयोजित इस समारोह ने न केवल देशभक्ति का संदेश फैलाया, बल्कि यह साबित भी किया कि अगर बच्चों पर भरोसा किया जाए तो वे कितना कुछ कमाल कर सकते हैं। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश कुमार व्यास ने की मुख्य अतिथि उदय लाल गायरी, विशिष्ट अतिथि प्रमिला जोशी, मंच संचालन क्लास 8 वीं के विद्यार्थी विनोद पुजारी और यशस्वी श्रीमाली द्वारा किया गया। वहीं पूरे कार्यक्रम को विद्यालय के 7 वीं और 8 वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल हुए अभिभावकों ने निजी स्कूलों के टूर्नामेंट में कबड्डी में उपविजेता रहें कैप्टन खुशाल प्रजापत को पगड़ी और विद्यार्थियों को उपरना ओढ़ाकर व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





