
सायरा। क्षेत्र में ई-मित्र केंद्रों द्वारा सरकारी नियमों की अवहेलना और निर्धारित पते से बाहर केंद्र चलाने की शिकायतों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे एवं तहसीलदार सुरेश मेहता के सख्त निर्देशों पर शुक्रवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत सिंघाड़ा में औचक निरीक्षण किया।
विभाग के प्रोग्रामर यश सिंह पंवार के नेतृत्व में पहुंची टीम के सहायक प्रोग्रामर दलपत सिंह एवं सूचना सहायक महिपाल सिंह ने जब सिंघाड़ा बस स्टैंड स्थित देवी नागणेची ई-मित्र की जांच की, तो वहां नियमों की धज्जियां उड़ती पाई गईं। केंद्र पर न तो रेट लिस्ट छपी हुई थी और न ही केंद्र अपने मूल आवंटित पते पर संचालित हो रहा था। अधिकारियों ने ई-मित्र ऐप के माध्यम से तुरंत ऑनलाइन पेनल्टी काटी गई। वहीं टीम ने मौके पर ही कमियों को दूर करने के पाबंद किया।





