
गोगुंदा – उपखंड क्षेत्र में सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने के लिए उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे ने गुरुवार को अचानक मोर्चा संभाला। एसडीएम ने पुलिस थाने से लेकर गांव की गलियों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों और ई-मित्र सेंटरो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं और लापरवाही मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण की शुरुआत सायरा पुलिस थाने से हुई। एसडीएम ने थाना अधिकारी से क्षेत्र की कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, बैरक और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं उपखंड अधिकारी ने बौखाडा प्रथम आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, तो वहां स्थिति काफी खराब मिली। खराब भंडारण बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए आने वाली खाद्य सामग्री को सुरक्षित नहीं रखा गया था। मिल्क पाउडर में गड़बड़ी मिल्क पाउडर के स्टॉक में अनियमितता और स्टॉक रजिस्टर का रखरखाव सही नहीं पाए जाने पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी जताई। वहीं सिंघाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में भी लापरवाही की हद पार मिली। यहां जरूरत से ज्यादा स्टॉक डंप मिला, जिसका कोई सही हिसाब नहीं था। गंदगी और कुप्रबंधन को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर ही सुपरवाइजर को तलब किया और रिकॉर्ड दुरुस्त करने के सख्त आदेश दिए। ग्राम पंचायत सिंघाड़ा में ही एक ई-मित्र केंद्र की जांच की गई, जहां संचालक नियमों की धज्जियां उड़ाता मिला। केंद्र पर कोई रेट लिस्ट (दर सूची) नहीं लगी थी। ई-मित्र का संचालन अपने निर्धारित स्थान के बजाय किसी अन्य स्थान पर किया जा रहा था। एसडीएम ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित विभाग को संचालक के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।





