
गोगुंदा। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का समापन समारोह मंगलवार को हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. ऋचा माथुर ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने अपने आशीर्वचन में स्वयंसेवकों द्वारा सात दिनों तक किए गए सेवा कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने भी मंच पर आकर शिविर के दौरान हुए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया। विवेकानंद जयंती साप्ताहिक आयोजन के क्रम में डॉ. दिनेश हंस ने स्वामी विवेकानंद के युवाओं के प्रति विचारों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विवेकानंद के सिद्धांत आज के दौर में भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। इसी क्रम में डॉ. शंकर लाल ढोली एवं आसूराम ने भी स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए। विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। शिविर के दौरान अनुशासित रहने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रेष्ठ स्वयंसेवकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी पूनम लोकवानी ने सात दिवसीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।





