
गोगुंदा। थाना क्षेत्र के गणेश जी का घाटा (भूताला) गांव में शुक्रवार को एक दिलदहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर कर दिया। शुक्रवार देर शाम को पानी के टैंक के पास खेल रहा एक मासूम बच्चा टैंक में गिर गया और उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। भूरी लाल गमेती ने बताया कि शुक्रवार शाम को 5 वर्षीय गणेश लाल पुत्र शंकर लाल गमेती घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पानी के टैंक के पास गया और टैंक खुला होने के कारण उसमें गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। उसने बताया कि बच्चे की शुक्रवार देर शाम को ही मौत हो चुकी थी, लेकिन रात होने की वजह से शनिवार सुबह उसके शव को गोगुंदा चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं शनिवार को गमगीन माहौल के बीच मासूम गणेश का अंतिम संस्कार किया गया।





